भगवान शिव के वाहन नंदी की क्या कहानी है?

 




प्राचीन काल में एक ऋषि थे शिलाद। उन्होंने ब्रह्मचारी रहने का निश्चय किया किन्तु जब उनके पित्तरों को ये पता कि शिलाद ने ब्रह्मचारी रहने का निश्चय किया है तो वे दुखी हो गए क्यूँकि जबतक शिलाद को पुत्र प्राप्ति ना हो, उनकी मुक्ति नहीं हो सकती थी। शिलाद विवाह करना नहीं चाहते थे किन्तु अपने पित्तरों के उद्धार के लिए पुत्र प्राप्ति की कामना से उन्होंने भगवान शिव की कई वर्षों तक घोर तपस्या की। उनकी तपस्या से महादेव प्रसन्न हुए और उन्हें अपने सामान ही एक पुत्र की प्राप्ति का वरदान दिया। उसके कुछ समय शिलाद ने पुत्र प्राप्ति हेतु यज्ञ किया और भूमि को जोतते समय उन्हें एक पुत्र की प्राप्ति हुई जिसे देख कर उन्हें अत्यंत आनद हुआ। पुत्र का नाम उन्होंने नंदी रखा, अर्थात आनंद।

एक बार मित्र एवं वरुण नामक दो आदित्य शिलाद मुनि के आश्रम में आये। वहाँ पर शिलाद और नंदी ने उनकी खूब सेवा की जिससे प्रसन्न होकर दोनों ने शिलाद को तो दीर्घायु होने का आशीर्वाद दिया किन्तु नंदी को बिना आशीर्वाद दिए वे जाने लगे। तब शिलाद मुनि ने दोनों से पुछा कि उन्होंने उनके पुत्र को आशीर्वाद क्यों नहीं दिया। इसपर दोनों ने बताया कि नंदी अल्पायु है और १६ वर्ष पूर्ण करते ही उसकी मृत्यु हो जाएगी। ये सुनकर शिलाद विलाप करने लगे। तब उन दोनों ने नंदी को महादेव की तपस्या करने को कहा।

फिर नंदी ने महादेव की कठोर तपस्या की जिससे महारुद्र प्रसन्न हो उसे दर्शन देने आये। जब उन्होंने वरदान माँगने को कहा तो नंदी ने सदैव उन्हें उनके सानिध्य का वरदान माँगा। तब महादेव ने उसे अमरता का वर दिया और अपने वाहन के रूप में स्वीकार किया। नंदी वही से महादेव के साथ कैलाश को चले गए और उनकी सेवा में रम गए। जब शिलाद को ये पता चला कि भगवान शिव की कृपा से उनका पुत्र अजर-अमर हो गया है तो वे अत्यंत प्रसन्न हुए।

महादेव की सेवा करते हुए नंदी को बहुत दिन बीत गए और शिलाद अत्यंत वृद्ध हो गए। तब वे अपने पुत्र से मिलने कैलाश पहुँचे। नंदी अपने पिता को देख कर बड़े प्रसन्न हुए और उनकी खूब सेवा की। तब शिलाद ने उनसे साथ चलने को कहा किन्तु नंदी ने उनकी आज्ञा ये कह कर ठुकरा दी कि उनके जीवन का उद्देश्य केवल भगवान शिव की सेवा करना ही है। तब शिलाद मुनि से भगवान शिव से प्रार्थना की कि अब इस वृद्धावस्था में वे उनके पुत्र को उनके साथ भेज दें। ये सुनकर भगवान शंकर ने उन्हें अपने पिता के साथ जाने की आज्ञा दी।

नंदी महादेव की आज्ञा मानने को विवश थे इसी कारण भरे मन से वे शिलाद के साथ लौट तो गए किन्तु उनके प्राण कैलाश में ही रह गए। अपने आराध्य से दूर होने के कारण नंदी का स्वास्थ्य प्रतिदिन बिगड़ने लगा। तब शिलाद ने उसका विवाह मरुत कन्या सुयशा से करवा दिया ताकि गृहस्थ जीवन में वे रम जाएँ किन्तु इसका नंदी के स्वास्थ पर कोई प्रभाव नहीं पड़ा और वे शीघ्र ही मरणासन्न अवस्था में पहुँच गया। जब शिलाद मुनि ने देखा कि उनके पुत्र के प्राण संकट में हैं तब उन्होंने भगवान शिव से उसे बचाने की प्रार्थना की। अपने भक्त को इस अवस्था में देख कर वे तुरंत आश्रम पहुँचे और नंदी को स्वस्थ कर दिया। तब शिलाद मुनि समझ गए कि नंदी महादेव के बिना जीवित नही रह सकता इसीलिए उन्होंने उसे सुयशा के साथ कैलाश जाने की आज्ञा दे दी।

एक बार महादेव देवी पार्वती के साथ अन्तःपुर में थे और उन्होंने नंदी को द्वार की रक्षा करने को कहा। तभी वहाँ महर्षि भृगु आये और महादेव के दर्शनों की इच्छा जताई। किन्तु नंदी ने उनसे कहा कि महादेव की आज्ञा अनुसार वे द्वार से नहीं हट सकते। इसपर महर्षि भृगु क्रुद्ध हो गए और उन्होंने नंदी को श्राप दिया कि वो जल्दी ही किसी के हाथों परास्त होगा। जब भगवान बाहर आये तो नंदी की स्वामी भक्ति से बड़े प्रसन्न हुए और उसे समस्त शिवगणों का अधिपति बना दिया और नंदीश्वर की उपाधि दी।

कुछ काल के बाद राक्षसराज रावण कैलाश पहुँचा और नंदी ने उसे रोका। तब रावण और नंदी के बीच भयंकर युद्ध हुआ किन्तु भृगु के श्राप के कारण रावण ने नंदी को परास्त कर दिया। उसे परास्त करने के बाद रावण ने उसे पशुमुख कह उसका उपहास किया। तब नंदी ने रावण को श्राप दिया कि किसी पहुमुख के कारण ही उसका विनाश होगा। उसी श्राप के कारण ही महादेव ने हनुमान के रूप में रुद्रावतार लिया और समस्त लंका को जला कर भस्म कर दिया।

नंदी को स्वामिभक्ति के साथ-साथ बल और कर्मठता का प्रतीक भी माना गया है। श्रीराम के अश्वमेघ यज्ञ के जब श्रीराम की सेना ने वीरमणि के राज्य पर आक्रमण किया तो शिवगणों के साथ उनका भयानक द्वन्द हुआ। उस युद्ध में नंदी ने स्वयं हनुमान को शिवास्त्र से बांध दिया था। जब देवी सती ने दक्ष के यञकुंड में आत्मदाह कर लिया था तो वीरभद्र के आने से पहले नंदी ने अकेले ही दक्ष की सेना का संहार कर दिया था। यही नहीं कई जगह इस बात का भी वर्णन है कि श्रीगणेश और कार्तिकेय को अपनी पहली युद्ध शिक्षा नंदी से ही प्राप्त हुई थी।

एक कथा के अनुसार देवी पार्वती ने भगवान शिव से वेदों का रहस्य जानने का अनुरोध किया। ये ज्ञान इतना गूढ़ था कि भगवान शिव देवी पार्वती को लेकर अमरनाथ की गुफा में गए ताकि देवता भी इस रहस्य को ना जान सकें। मार्ग में वे चंद्र, वासुकि इत्यादि सभी चीजों का त्याग करते गए। गुफा पर पहुँचकर वे नंदी को भी वही छोड़ते हुए कहते हैं कि "वत्स! मैं तुम्हे सबसे अंत में त्याग रहा हूँ क्यूंकि तुम मुझे सब प्रिय हो।"

वेदों का ज्ञान देने से पहले वे पार्वती से कहते हैं कि अगर उन्होंने ये ज्ञान पूरा ना सुना तो वे उनसे बिछड़ जाएँगी। देवी पार्वती के आश्वासन देने पर भगवान शिव कथा प्रारम्भ करते हैं किन्तु देवी बीच में ही सो जाती गयी। इस कारण वे शिव से दूर हो गयी और अगले जन्म में एक मछुआरे के यहाँ जन्मी। उनके पिता ने शर्त रखी कि जो भी मछुआरा इस विश्व की सबसे बड़ी मछली को मरेगा वे उसी से उनका विवाह करेंगे। तब भगवान शिव एक मछुआरे के वेश में वहाँ आये और नंदी ने एक बहुत बड़ी मछली के रूप में अवतार लिया। तब मछुआरे रुपी शिव ने मछली रुपी नंदी का वध कर विवाह की शर्त पूरी की और देवी पार्वती को पुनः प्राप्त किया।

भगवान शिव सदैव समाधि में रमे रहते हैं इसी कारण उन्होंने नंदी को आज्ञा दी है कि वे उनके मंदिर के सामने बैठ कर उनके भक्तों की प्रार्थना सुने। इसी कारण हरेक शिव मंदिर में नंदी की प्रतिमा होती है और भक्त अपनी प्रार्थना उनके कान में कहते हैं जो सीधे महादेव तक पहुँचती है। बिना नंदी की प्रतिमा के शिव मंदिर अधूरा माना जाता है। नासिक के पंचवटी में एकमात्र ऐसा शिव मंदिर है जहाँ नंदी की प्रतिमा नहीं है। कहते हैं कि ब्रह्मा के पांचवे सिर को काटने के कारण भगवान शंकर को ब्रह्महत्या का पाप लग गया। तब पंचवटी में गोदावरी के समीप उन्हें एक बछड़ा मिला जो नंदी था। उसने भगवान शिव को गोदावरी के रामकुंड में स्नान करने को कहा। ऐसा करने पर वे ब्रह्महत्या के पाप से मुक्त हो गए और उन्होंने नंदी को उस स्थान पर अपना गुरु माना और अपने सामने बैठने से मना कर दिया।

नंदी के विषय में एक कथा समुद्र मंथन की आती है। समुद्र मंथन में जब हलाहल निकला तब महदेव ने उसे पी लिया जिससे उनका कंठ नीला हो गया। हलाहल पीते समय कुछ बूंदें धरती पर गिर गयी। जब नंदी ने महादेव का कंठ देखा तो उसे बड़ा दुःख हुआ और उसने जमीन पर पड़ी हलाहल की बूंदों को अपनी जीभ से साफ कर दिया। इसे देख कर सभी हैरान रह गए और नंदी से इसका कारण पूछा। तब नंदी ने कहा कि जिस कष्ट को उनके स्वामी ने ग्रहण किया है वही कष्ट उसने भी ग्रहण किया। इसे देख कर देव एवं दैत्यों ने एक स्वर से नंदी की प्रशंसा की।

शिवगणों में नंदी का स्थान सबसे ऊँचा है। शिव पुराण के अनुसार भगवान शिव की सेना के आठ प्रमुख सेनापति हैं। ये हैं - गणेश, नंदी, देवी, चण्ड, महाकाल, ऋषभ, भृंगी और मुरुगण।

उसी प्रकार नंदी को नंदिनाथ संप्रदाय का जनक माना जाता है। इस संप्रदाय में नंदी के आठ शिष्य माने गए हैं जो आठों दिशाओं में शैव धर्म के प्रचार हेतु गए। ये हैं - सनत, सनातन, सनन्दन, सनत्कुमार), तिरुमुलर, व्याघ्रपाद, पतञ्जलि और शिवयोग।


आशा है आपको उत्तर पसंद आया होगा। हर हर महादेव। 🚩


एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Follow